सीमान्त धार्मिक एवं पर्यटन नगरी जोशीमठ की गंभीर होती पेयजल समस्या के निदान के लिए बनाई गई दीर्घकालिक योजना को समय से पूर्ण कराने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया।
भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने एसडीएम के माध्यम से भेजे इस ज्ञापन मे कहा है कि जल विद्युत परियोजना का निर्माण कर रही एनटीपीसी ने जोशीमठ नगर की चरमराती पेयजल समस्या को देखते हुए 15करोड़ 81लाख रुपए की धनराशि स्वीकृत की है और अब तक 4करोड़ 35 लाख रुपए की राशि कार्यदायी विभाग उत्तराखंड पेयजल निगम को अवमुक्त भी कर दी गई है।
ज्ञापन मे कहा गया है कि वर्ष 2017 मे पेयजल निगम व एनटीपीसी के मध्य हुए एमओयू के छः वर्ष बीतने के बाद भी योजना को धरातल पर नही उतारा जा सका,जिसके कारण न केवल स्थानीय नगरवासी बल्कि श्री बद्रीनाथ धाम, हेमकुण्ड साहिब-लोकपाल, औली व अन्य पर्यटक स्थलों मे आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन मे यथाशीघ्र पेयजल पुनर्गठन योजना को पूर्ण कराने हेतु संबंधित विभाग की निर्देशित करने का आग्रह किया है।
ज्ञापन देने वालों मे पूर्व पालिकाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, भाजपा नेता सुभाष डिमरी, भाजपा जिला मंत्री लक्ष्मण फरकिया,ओबीसी मोर्चे के जिलाध्यक्ष विजय कपरुवाण, जय प्रकाश भट्ट व सोशियल मीडिया प्रभारी शुभम रावत आदि प्रमुख थे।
0 टिप्पणियाँ