जोशीमठ,05जून।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद जोशीमठ द्वारा चारधाम यात्रा मार्ग पर गोविंदघाट से विष्णुप्रयाग तक 10 किलोमीटर एरिया में सड़क किनारे पड़े कूड़े को उठाकर विशेष सफाई अभियान चलाया। इस दौरान चारधाम यात्रा मार्ग पर चल रहे वाहनों को रोककर गारवेज बैग बांटे गए तथा तीर्थ यात्रियों एवं वाहन चालकों से कूड़ा कचरे को वाहन से बाहर न फैकने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने की अपील की।
नगर पालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र पंवार, ब्यापार संघ अध्यक्ष नैन सिंह भंडारी, पालिका सभासद गण, ब्यापार संघ पदाधिकारियों एवं पालिका कर्मियों व पर्यावरण मित्रों ने श्री बद्रीनाथ धाम व हेमकुंड साहिब-लोकपाल आने वाले श्रद्धालुओं से पर्यावरण को स्वच्छ व साफ रखने का भी अनुरोध किया।
पालिकाअध्यक्ष श्री पंवार एवं ईओ भारत भूषण पंवार के अनुसार पालिका का सदैव यह प्रयास रहता है कि नगर के आसपास की ग्राम सभाएं भी साफ व स्वच्छ रहे, पालिका द्वारा समय समय पर अपने शहर की सीमा से बाहर भी सफाई अभियान चलाया जाता है।
सफाई अभियान के उपरांत विष्णुप्रयाग के समीप वृक्षारोपण किया गया।
विशेष सफाई अभियान के दौरान यात्रा मार्ग से 70 बोरे प्लास्टिक कचरा एकत्रित कर कंपैक्टर प्लांट मे पहुंचाया गया।
0 टिप्पणियाँ