–--------------------------प्रकाश कपरूवान।
चमोली/जोशीमठ,17 अक्टूबर।
जम्मू के पूंछ जिले में आतंकियों से हुई मुठभेड के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले चमोली जिले के सांकरी गांव निवासी सैनिक योगंबर सिंह का रविवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। रविवार सुबह उनका पार्थिव शरीर उनके गांव लाया गया। शहीद का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव सांकरी पहुॅचने पर सबकी आंखे भर आई।
उनके अंतिम यात्रा में सैकडों की संख्या में लोगों का हुजूम उमड पडा। लोगों ने ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, योगंबर तेरा नाम रहेगा‘ के नारे भी लगाए और नम आंखों से उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए। विकासखंड पोखरी के सांकरी गांव निवासी राइफलमैन योगंबर सिंह पुत्र बीरेन्द्र सिंह भंडारी 17 गढवाल राइफल्स में तैनात थे और वर्तमान में वे सेना की 48 आरआर रेजीमेंट में जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी पर थे। पूंछ जिले में 14 अक्टूबर की रात को चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान आतंकियों से मुठभेड में योगंबर सिंह वीरगति को प्राप्त हुए। शहीद सैनिक की अंतिम विदाई में सैकड़ों लोगों ने शामिल होकर नम आंखों से उन्हें श्रृद्वांजलि दी।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों मे बद्रीनाथ के विधायक महेन्द्र भट्ट, पूर्व कैबनेट मंत्री राजेन्द्र भण्डारी, भाजपा जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, सहकारी बैंक के अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह रावत, महाबीर रावत, नगर पंचायत पोखरी के अध्यक्ष लक्ष्मी पन्त, कर्नल डी एस बर्त्वाल, पुलिस उपाधीक्षक डी एस तोमर, एसडीएम एसके पांडे, नायब तहसीलदार योगम्बर नेगी आदि मौजूद थे।
0 टिप्पणियाँ