सामूहिक सहयोग से ही मास्टर प्लान को धरातल पर उतारा जाएगा-------खुल्बे ।

------------------ प्रकाश कपरूवान।
बद्रीनाथ,24 सितम्बर।
प्रधानमंत्री के सलाहकार भाष्कर खुल्बे ने कहा कि स्थानीय जनता के सामूहिक सहयोग से ही मास्टर प्लान के कार्य शीघ्र शुरू होंगें। श्री खुल्बे ने शुक्रवार को प्रातः भगवान बद्रीविशाल के दर्शन/पूजन के साथ ही ब्रह्मकपाल में भी पूजा-प्रार्थना की ।
 प्रधानमंत्री  के सलाहकार श्री भाष्कर खुल्बे, पर्यटन सचिव श्री दिलीप जावलकर एवं प्रधानमंत्री कार्यालय के उप सचिव श्री मंगेश घिल्ड़ियाल ने वृहस्पतिवार को बद्रीनाथ पहुॅच कर मास्टर प्लान के अन्तर्गत प्रस्तावित विकास कार्यो को लेकर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बद्रीश व शेष नेत्र झील, तप्तकुण्ड, ब्राह्म कपाल, नारद कुंड, सुग्रीव शिला, अलकनंदा नदी तटों, साकेत तिरहा, अस्पताल, बस स्टेशन एवं आसपास विभिन्न स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रस्तावित निर्माण कार्याे को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए समयबद्धता के साथ कार्य पूरे करने पर जोर दिया। आईएनआई डिजाइन के कन्सल्टेंट धर्मेश गंगानी ने मास्टर प्लान के तहत प्रस्तावित कार्याे की विस्तार से जानकारी दी।

  सलाहकार श्री भाष्कर खुल्बे ने कहा कि बद्रीनाथ मास्टर प्लान  प्रधानमंत्री जी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इस पूरे प्रोजेक्ट के तहत बद्रीनाथ धाम को एक छोटी स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की परिकल्पना है ताकि भविष्य में यहां आने वाले यात्रियों को बद्रीनाथ धाम एवं मंदिर के दिव्य और भव्य स्वरूप की अनुभूति हो सके। कहा कि भविष्य में तीर्थयात्रियों की सुविधाओं और धाम की आधुनिक व्यवस्थाओं का समायोजन कर सुनियोजित ढंग से कार्य किए जाएंगे। राज्य सरकार द्वारा इसमें बेहतर प्लानिंग के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय निवासियों के सामूहिक सहयोग से बहुत जल्द ही बद्रीनाथ में मास्टर प्लान के कार्य शुरू होंगे और तय समय पर प्रस्तावित कार्यो को पूरा कर लिया जाएगा। इस दौरान श्री भाष्कर खुल्बे, पर्यटन सचिव श्री दिलीप जावलकर एवं उप सचिव श्री मंगेश घिल्ड़ियाल ने भगवान बद्रीनाथ के दर्शन कर पूरे देश की सुख समृद्वि और खुशहाली की कामना भी की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी हिमांशू खुराना ने सलाहकार श्री खुल्बे,उप सचिव मंगेश घिल्डियाल, व पर्यटन सचिव दलीप जावलकर को स्मृति चिन्ह भेंट किया।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ