जोशीमठ,14 सितम्बर।
स्टेडियम के लिए रविग्राम मे प्रस्तावित भूमि को खेल विभाग के नाम दर्ज किए जाने की मांग को लेकर पैनखंडा युवा संघर्ष समिति द्वारा पैनखंडा जोशीमठ की जनता के सहयोग से शुरू किया गया आंदोलन व क्रमिक धरना 16वें दिन समाप्त हो गया।
जोशीमठ की एसडीएम कुमकुम जोशी व तहसीलदार प्रदीप नेगी ने धरना स्थल पर पहुंचकर प्रस्तावित भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम दर्ज किए जाने की लिखित जानकारी दी।
जोशीमठ के रविग्राम में स्टेडियम निर्माण के लिए तीन -तीन मुख्यमंत्रियों की घोषणा के बाद भी जब भूमि खेल विभाग के नाम दर्ज नहीं हो सकी तो युवाओं के सब्र का बांध टूटा और युवाओं ने 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस का बहिष्कार कर 30अगस्त से आंदोलन व क्रमिक धरना शुरू कर दिया।
पैनखंडा युवा संघर्ष समिति के बैनर तले हुए इस आंदोलन में जोशीमठ नगर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की जनता का भी सहयोग मिला,और अन्ततः आंदोलन की जीत हुई।
पैनखंडा युवा संघर्ष समिति के अध्यक्ष समीर डिमरी ने युवाओं के इस संघर्ष में दलगत भावनाओं से ऊपर उठ कर दिये गए सहयोग के लिए संघर्ष समिति की ओर से सभी का आभार व्यक्त किया।
श्री डिमरी ने बद्रीनाथ के विधायक महेन्द्र भट्ट के सफल प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री की घोषणा के तुरंत बाद इस दिशा में कार्यवाही शुरू की होती तो पैनखंडा की जनता को सड़कों पर नहीं उतरना पड़ता, बहरहाल देर से ही सही विधायक श्री भट्ट ने व्यक्तिगत रुचि लेकर इस कार्यवाही को 15 दिनों मे पूरा किया है ,इसके लिए वे बधाई के पात्र हैं।
एसडीएम द्वारा धरना स्थल पर अमलदरामद की सूचना दिये जाने के दौरान सभी दलों के स्थानीय कार्यकर्ता व पैनखंडा संघर्ष समिति के पदाधिकारियों के अलावा खेल विकास समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ