श्री बदरीनाथ/ज्योर्तिमठ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर आज बुधवार को श्री बदरीनाथ धाम, श्री केदारनाथ धाम तथा आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दीस्थली ज्योर्तिमठ स्थित श्री नृसिंह मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, महाभिषेक एवं रुद्राभिषेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिरों में विधिवत धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर मुख्यमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन तथा उत्तराखंड प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गयी कल 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म दिवस मनाया जायेगा।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर श्री बदरीनाथ एवं श्री केदारनाथ धाम सहित ज्योर्तिमठ स्थित श्री नृसिंह मंदिर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के प्रमुख धामों में मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर विधिवत पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से उनके दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की गयी।
उन्होंने बताया कि ज्योर्तिमठ स्थित भगवान श्री नृसिंह मंदिर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिवस कार्यक्रम विशेष रूप से आयोजित किया गया। आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दीस्थली एवं भगवान श्री नृसिंह की पावन स्थली में मंदिर समिति के संस्कृत विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं स्वस्तिवाचन किया गया। इसके बाद भगवान श्री नृसिंह की विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई। मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भी पूजा-अर्चना में सहभागिता करते हुए मुख्यमंत्री के दीर्घायु एवं प्रदेश की उन्नति की कामना की। श्री नृसिंह मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान भगवान श्री नृसिंह का विधिवत पूजन किया गया तथा वैदिक परंपराओं के अनुसार अनुष्ठान संपन्न कराए गए। संस्कृत विद्यालय विद्यार्थियों के स्वस्तिवाचन एवं वैदिक मंत्रोच्चार से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
उपाध्यक्ष श्री सती ने कहा कि उत्तराखंड की देवभूमि में धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं का विशेष महत्व है। प्रदेश के चारधाम सहित प्रमुख मंदिरों में विभिन्न अवसरों पर जनकल्याण एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए पूजा-अर्चना की जाती है। मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर भी इसी परंपरा के अनुरूप विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। नृसिंह मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में मंदिर के पुजारी सुशील डिमरी, संस्कृत विद्यालय के छात्र एवं श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। सभी ने भगवान श्री नृसिंह से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दीर्घायु जीवन, प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि तथा जनकल्याण की प्रार्थना की।
इसी क्रम में श्री बदरीनाथ धाम एवं श्री केदारनाथ धाम में भी विशेष पूजा-अर्चना, महाभिषेक एवं रुद्राभिषेक कार्यक्रम संपन्न हुए। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान भगवान बदरी विशाल एवं भगवान केदारनाथ से प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की गयी।

0 टिप्पणियाँ