हर हर महादेव के जयकारों के साथ खुले तृतीय केदार तुंगनाथ के कपाट।

उखीमठ/रुद्रप्रयाग।

                        भक्तिमय वातावरण और हर हर महादेव के जयकारों   के बीच  पंचकेदारों में से  12073 फीट की ऊंचाई पर स्थित प्रसिद्ध तृतीय केदार  तुंगनाथ मंदिर के  कपाट विधि-विधान के साथ बुधवार पूर्वाह्न 11 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाट खुलने के समय  पांच सौ से अधिक श्रद्धालुजन मौजूद रहे। इस अवसर पर मंदिर को 5 क्विंटल से अधिक फूलों से सजाया गया था।

                मैठाणी पुजारियों द्वारा श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अधिकारियों कर्मचारियों की उपस्थिति में  विशेष पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक अनुष्ठानों के बाद  भगवान तुंगनाथ के स्वयंभू शिवलिंग को समाधि से श्रृंगार रूप दिया गया। दर्शन पूजा-अर्चना के बाद भगवान तुंगनाथ का जलाभिषेक किया गया। इसके बाद दर्शन शुरू हो गये।

              कपाट खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामनाएं की।

इससे पहले भगवान तुंगनाथ जी की चलविग्रह डोली आज सुबह चोपता से श्री तुंगनाथ पहुची परिक्रमा के बाद डोली पार्वती मंदिर में विराजमान हुई।  परंपरा के अनुसार स्वयंभू लिंग को पुष्प और अक्षत अर्पित कर जागृत कर श्रृंगार रूप दिया गया।  इसके बाद  श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजा-अर्चना जलाभिषेक कर बाबा तुंगनाथ का आशीर्वाद लिया।

                   इस अवसर पर पूर्व विधायक मनोज रावत, जिला पंचायत सदस्य प्रीति पुष्पवाण, प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य लंबोदर प्रसाद मैठाणी, नव निर्वाचित मठाधीश मुकेश मैठाणी, पूर्व मठापति रामप्रसाद मैठाणी, डोली प्रभारी प्रकाश पुरोहित, प्रबंधक बलबीर नेगी, सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ