कांग्रेस संगठनात्मक बैठक :- ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए तीन जबकि नगर अध्यक्ष के लिए सात कार्यकर्त्ताओं ने की दावेदारी

 ज्योतिर्मठ।

           बुधवार को यहाँ पालिका सभागार मे ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटी ज्योतिर्मठ की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम सिंह फरस्वाण की अध्यक्षता में  संपन्न हुई, जिसमे नगर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के गठन को लेकर चर्चा हुई।

 बैठक में पालिकाध्यक्ष  देवेश्वरी शाह, ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी, जिला प्रभारी विनोद चंद्र आर्य, सहप्रभारी संदीप झिंकवाण सहित  कांग्रेस पदाधिकारी, मंडलम अध्यक्ष, बीडीसी सदस्य, ग्राम प्रधान एवं कार्यकर्ता  उपस्थित रहे।

      बैठक में संगठन की वर्तमान स्थिति, आगामी रणनीति तथा बूथ स्तर तक पार्टी की मजबूती को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता होते हैं, इसलिए प्रत्येक बूथ पर समितियों का पुनर्गठन, नियमित बैठकें, जनसमस्याओं के समाधान हेतु जनसंपर्क अभियान तथा युवा एवं महिला भागीदारी को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया।

           ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम सिंह फरस्वाण ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी की विचारधारा जनहित, सामाजिक न्याय और विकास पर आधारित है। संगठन की मजबूती ही आगामी चुनावों में सफलता की कुंजी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया के अंतर्गत ब्लॉक अध्यक्ष पद हेतु दिगम्बर बिष्ट, महेन्द्र चौहान, सुखदेव बिष्ट ने नामांकन पत्र दाखिल किए, जबकि नगर अध्यक्ष पद हेतु प्रकाश नेगी, लक्ष्मी लाल, महेन्द्र नम्बूरी, सतीश डिमरी, परवेश भुजवांण, करण रावत एवं हरेन्द्र राणा ने अपने नामांकन प्रस्तुत किए। सभी नामांकन पत्रों की विधिवत समीक्षा के उपरांत  जिला एवं प्रदेश कार्यकारिणी को प्रेषित कर दी गई हैं।

               बैठक में मंडलम अध्यक्ष कमल रतूड़ी, अन्तिप्रकाश शाह, सुरेंद्र दीक्षित, अजीतपाल रावत,  राकेश रंजन भिलंगवाल, मीना डिमरी, ललिता मंडियाल, गीता परमार सहित बीडीसी सदस्य, ग्राम प्रधान एवं नगर तथा ब्लॉक के  कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

               बैठक का समापन संगठन की एकता, अनुशासन और जनसेवा के संकल्प के साथ हुआ। सभी कार्यकर्ताओं ने आगामी समय में कांग्रेस पार्टी को बूथ से लेकर शीर्ष स्तर तक सशक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ