रोप वे परियोजनाओं के क्रियान्वयन व संचालन को लेकर मुख्य सचिव की अध्यक्षता मे बोर्ड की प्रथम बैठक हुई संपन्न

 देहरादून।

            मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में उत्तराखण्ड में रोपवे परियोजनाओं के विकास, क्रियान्वयन, संचालन एवं रखरखाव से संबंधित विभागों, हितधारकों तथा पीपीपी कंपनियों के साथ प्रथम बोर्ड बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर विभिन्न जनपदों में गतिमान एवं प्रस्तावित रोपवे परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित जिलाधिकारियों से भी परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई।

      मुख्य सचिव ने रोपवे परियोजनाओं को प्रदेश की अर्थव्यवस्था, पर्यटन, आवागमन एवं समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि विजीविल्टी स्टेडि जैसी प्रक्रियाओं को प्रारंभिक चरण में ही हाई पावर कमेटी के समक्ष प्रस्तुत किया जाए, जिससे परियोजनाओं के सभी पक्षों पर समय रहते विस्तृत विचार-विमर्श संभव हो सके। साथ ही, रोपवे से संबंधित प्रस्तावों की गहन व त्वरित स्क्रूटनी कर सभी मुद्दों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि अनावश्यक विलंब से बचा जा सके।

           

       उन्होंने पीपीपी मोड पर बनने वाली रोपवे परियोजनाओं के तकनीकी, वित्तीय एवं प्रशासनिक अनुमोदनों सहित सभी औपचारिकताओं को शीघ्र पूर्ण करने तथा निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला प्रशासन, सरकारी निर्माण एजेंसियों, सुरक्षा एजेंसियों (पुलिस) के  मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर स्थानीय स्तर पर आने वाली चुनौतियों का समाधान करने को कहा। साथ ही, जिन प्रकरणों को हाई पावर कमेटी अथवा बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाना है, उन्हें समय से प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

               इस अवसर पर सचिव  दिलीप जावलकर, डॉ. पंकज पांडेय,  धीराज सिंह गर्ब्याल, अपर सचिव  अभिषेक रूहेला,  एनएचएनएमएल से  प्रशांत जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ