ज्योतिर्मठ।
सीमांत जनपद चमोली के सीमावर्ती विकास खण्ड जोशीमठ -ज्योतिर्मठ के पैनखंडी समुदाय को ओबीसी की केंद्रीय सूची मे शामिल किए जाने की मांग लगातार जोर पकड़ती जा रही है, भारतीय जनता पार्टी के जोशीमठ नगर मंडल अध्यक्ष अमित सती ने संसद के बजट सत्र से ठीक पूर्व राज्य सभा सांसद को पत्र देकर पैनखंडा को ओबीसी की केंद्रीय सूची मे शामिल किए जाने का आग्रह किया है।
सीमांत ब्लॉक जोशीमठ को अन्य पिछड़ा वर्ग घोषित किए जाने की मांग को लेकर एक लम्बा आंदोलन चला था, पैनखंडा संघर्ष समिति के नेतृत्व मे चले इस आंदोलन मे जुलूस -प्रदर्शन, अनशन व आमरण अनशन के उपरांत वर्ष 2016-17 मे उत्तराखंड सरकार द्वारा सीमांत विकास खण्ड जोशीमठ के पैनखंडी समुदाय को ओबीसी की राज्य सूची मे शामिल किया गया था।
राज्य सूची मे शामिल होने पर राज्य स्तर पर पैनखंडी समुदाय को इसका लाभ भी मिल रहा है लेकिन यह समुदाय ओबीसी की केंद्रीय सूची मे शामिल नहीं होने से केंद्रीय सेवाओं से वंचित है। वर्ष 2016-17से ही यह समुदाय ओबीसी की केंद्रीय सूची मे शामिल किए जाने की मांग करते हुए समय समय पर राज्य सरकार व केन्द्र सरकार को ज्ञापन प्रेषित कर रहा है।
राज्य सभा सांसद महेन्द्र भट्ट द्वारा पूर्व मे भी भारत सरकार का ध्यान इस ओर आकृष्ट किया गया, लेकिन राज्य सरकार के स्तर से पैनखंडा जोशीमठ को ओबीसी की केंद्रीय सूची मे शामिल किए जाने का प्रस्ताव केन्द्र सरकार को भेजा जाना है।
भाजपा के नगर अध्यक्ष अमित सती ने पुनः राज्य सभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट को पत्र देकर जनभावनाओं से अवगत कराते हुए यथा शीघ्र राज्य सरकार से प्रस्ताव भिजवाते हुए केन्द्र स्तर से इस दिशा मे कार्यवाही किए जाने का आग्रह किया है।

0 टिप्पणियाँ