ज्योतिर्मठ।
गुरुवार को क्षेत्र पंचायत ज्योतिर्मठ की बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी ने विभिन्न समस्याओं के निराकरण मे लापरवाही करने वाले विभागीय अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ आम जन तक पहुँचाने मे किसी भी प्रकार की कोताही बर्दास्त नहीं होगी।
उन्होंने सड़क बिजली, पानी, स्वास्थ्य सहित वन विभाग से जुडी अनेक समस्याओं पर विभागवार चर्चा कर निराकरण के निर्देश दिए।
ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी की अध्यक्षता मे हुई बैठक मे ग्राम प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अपने अपने क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से रखते हुए उनके निराकरण की मांग की।
क्षेत्र प्रमुख श्री नेगी ने सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए सदन की कार्यवाही के बेहतर संचालन मे सहयोग के लिए आभार ब्यक्त करते हुए मुख्य विकास अधिकारी एवं सभी उपस्थित विभागीय अधिकारियों से बैठक मे रखी गई समस्याओं के यथा समय निराकरण की अपेक्षा की।
खण्ड विकास अधिकारी मोहन जोशी के संचालन मे हुई बैठक मे सीडीओ श्री त्रिपाठी के अलावा जिला विकास अधिकारी के के पंत, विभागीय अधिकारी, जेष्ठ व कनिष्ठ प्रमुख तथा जिला पंचायत सदस्य मौजूद रहे।
इधर सलूड़ डुंग्रा मोटर मार्ग निर्माण मे हो रहे भ्रष्टाचार की शिकायत पर जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी को जाँच के निर्देश दिए गए थे, इसी क्रम मे गुरुवार की बीडीसी बैठक से पूर्व प्रभावित ग्रामीणों ने जिला पंचायत के पूर्व सदस्य भरत सिंह कुंवर के नेतृत्व मे सीडीओ से भेंट की और सीडीओ ने बैठक के उपरांत स्थलीय निरीक्षण का आश्वासन दिया लेकिन देर सायं तक सीडीओ के न पहुँचने पर ग्रामीणों ने आक्रोष ब्यक्त करते हुए सलूड़ डुंग्रा सड़क निर्माण मे हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन व जिलाधिकारी कार्यालय मे धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।


0 टिप्पणियाँ