भू धसाव प्रभावित ज्योतिर्मठ -जोशीमठ मे नगर पालिका चुनावों की सरगर्मी के बीच सड़कों व पैदल मार्गो पर अतिक्रमण की शुरुवात भी हो गई है। ताजा मामला जोशीमठ मुख्य बाजार मे नरसिंह मंदिर -लोअर बाजार के पैदल मार्ग का है, नगर पालिका परिषद द्वारा निर्मित इस मार्ग के ऊपर लोहे के पिलर डाल कर अवरुद्ध करने का प्रयास किया जा रहा है, हालांकि उक्त स्थल पर बनी दुकान /भवन स्वामी रजिस्ट्री की चौहदी के अनुसार इस पुराने पैदल मार्ग को अपनी भूमि मे निर्मित बता रहा है। जबकि राजस्व उप निरीक्षक द्वारा मौके पर स्पष्ट किया गया कि पैदल मार्ग वाली भवन स्वामी की भूमि से बाहर है।
नरसिंह पैदल मार्ग पर अतिक्रमण की भनक लगते ही स्थानीय देव पुजाई समिति ने इस अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्यवाही शुरू की, उप जिला मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर उन्हें वास्तविकता की जानकारी दी और यथा शीघ्र मौका मुआवना कर अतिक्रमण को हटाने की मांग की। उप जिला मजिस्ट्रेट को दिए गए इस ज्ञापन पर देव पुजाई समिति के अध्यक्ष भगवती प्रसाद नम्बूरी, उपाध्यक्ष राजेश भट्ट व सचिव प्रकाश नेगी के हस्ताक्षर हैं।
मंगलवार को उप जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर बीआरओ, नगर पालिका व तहसील प्रशासन की टीम ने देव पुजाई समिति के पदाधिकारियों व निवर्तमान सभासद अमित सती व समीर डिमरी के अलावा दीपक साह व अन्य लोगों की मौजूदगी मे मौका मुवायना किया और अतिक्रमण को चिन्हित किया।
0 टिप्पणियाँ