--------- अनसूया प्रसाद मलासी ।
गैरसैंण/रुद्रप्रयाग,19सितंबर।
उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) का 22वां द्विवार्षिक महासम्मेलन दल द्वारा 1992 में प्रस्तावित उत्तराखंड राज्य की राजधानी चंद्रनगर (गैरसैंण) में हुआ। यहाँ हुए चुनाव में मतदान के बाद पूरण सिंह कठैत पार्टी के नये केंद्रीय अध्यक्ष चुने गए।
गैरसैंण के श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम के 'स्वामी मनमथन सभागार' में उत्तराखंड क्रांति दल का सम्मेलन हुआ,जिसमे प्रदेश के सभी जिलों से पार्टी के वरिष्ठ नेता व डेलीगेट्स और जिलाध्यक्ष मौजूद रहे।
सम्मेलन की शुरूआत दल के संरक्षक और राज्य आंदोलनकारी इंद्रमणि बडोनी और विपिन त्रिपाठी को पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्वलन के साथ हुई। वक्ताओं ने राज्य आंदोलन में उनके योगदान को याद किया।
सम्मेलन में दल की द्विवार्षिक रिपोर्ट पढी़ गई। वक्ताओं ने कहा कि पार्टी ग्राम व नगर स्तर पर सुदृढ़ संगठन और जनता से जुड़े मुद्दों के लिए निरंतर संघर्ष के बल पर मतदाताओं का विश्वास हासिल कर सकती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता निवर्तमान केंद्रीय अध्यक्ष व पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी ने की।
इस दौरान अधिवेशन के संयोजक बहादुर सिंह रावत, सह संयोजक राजेन्द्र बिष्ट, पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष त्रिवेंद्र पंवार, पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवाकर भट्ट, पूर्व विधायक नारायण सिंह जंतवाल व पुष्पेश त्रिपाठी के साथ शांति प्रसाद भट्ट, सुरेन्द्र कुकरेती, सरिता पुरोहित, अर्जुन रावत, लताफत हुसैन, पान सिंह रावत, लुशन टोडरिया, मोहित डिमरी, बुद्धिबल्लभ ममगाईं, एडवोकेट अरुण कुमार साह,राकेश सती,बच्ची राम उनियाल,विक्रम बिष्ट व युद्धबीर नेगी सहित सभी डेलीगेट्स मौजूद रहे।
उक्रांद के निवर्तमान अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल में अभी तक अध्यक्ष का चयन सर्वसम्मति से होता था। पहली बार चुनाव हुआ है। इससे पता चलता है कि उक्रांद के भीतर आंतरिक लोकतंत्र कितना मजबूत है। ये नई पहल है। इससे पार्टी को और मजबूती मिलेगी। युवा, पार्टी से जुड़ने के लिए प्रेरित होंगे। अब उक्रांद की कमान युवाओं के हाथ में रहेगी।
उत्तराखंड क्रांति दल के 44 साल के इतिहास में अध्यक्ष पद के लिए पहली बार मतदान प्रक्रिया अपनाई गई। अब तक सर्वसम्मति से ही अध्यक्ष पद का चुनाव होता था। इस बार अध्यक्ष पद के लिए में चार नेता पूरन सिंह कठैत, पंकज व्यास, ए.पी. जुयाल और देवेश्वर भट्ट ने केंद्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया।
पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया के बाद सर्वाधिक मत हासिल कर पूरन सिंह कठैत विजयी रहे।
चुनाव की प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए प्रताप कुंवर व समीर मुंडेपी चुनाव अधिकारी तथा देवेंद्र चमोली मतदान अधिकारी बनाए गए थे।
पार्टी के नवनियुक्त अध्यक्ष पूरन सिंह कठैत ने कहा कि उक्रांद को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी, युवाओं को पार्टी के साथ जोड़ा जाएगा, गांवों से लेकर शहरों तक पार्टी कैडर का विस्तार किया जाएगा,उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाएंगे और जिस उद्देश्य के लिए राज्य बना था, उन्हें लागू कराने के लिए मिल-जुलकर संघर्ष के बूते सरकार पर दबाव बनाएंगे।
बताते चलें कि चुनाव से पूर्व पार्टी में सर्वानुमति बनाने के प्रयास हुए, लगभग चार दौर की बातचीत के बाद जब किसी एक पर सहमति नहीं बन सकी तो मतदान प्रक्रिया से केंद्रीय अध्यक्ष के चुनाव की घोषणा की गई।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद दल के अध्यक्ष ने गैरसैंण बाजार में स्थित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली जी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया।
उक्रांद के द्विवार्षिक महाधिवेशन को लेकर शांति व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल की मौजूदगी अधिवेशन स्थल पर रही।
0 टिप्पणियाँ