जोशीमठ,28 जून।
विशिष्ट सेवा मेडल,सेवा मेडल से विभूषित ले0 जनरल योगेन्द्र डिमरी को मंगलवार को राष्ट्रपति भवन मे आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह मे राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने परम विशिष्ट सेवा मेडल से नवाजा।
40वर्षों की लंबी सेवा के बाद सेना की मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडर इन चीफ पद से सेवा हुए ले0 जनरल योगेन्द्र डिमरी सीमान्त जनपद चमोली के जोशीमठ नगर के रविग्राम के मूल निवासी हैं,इनके पिता स्व0 मेजर बीसी डिमरी सेना की गढ़वाल राइफल्स एवं ऑर्डिनेंस कोर मे रहे, इनके छोटे भाई नौ सेना एवं बहिन सेना मे चिकित्सक पद पर सेवारत थे जबकि बहनोई सेना मे ही चिकित्सक के पद पर सेवारत हैं।
करीब 40 वर्षों तक देश की सेवा करने वाले उत्तराखंड के बीर सपूत जनरल डिमरी ने 17 दिसंबर 1983 को
"द बम्बई सैपर्स"मे कमीशन प्राप्त किया,राष्ट्रीय सैन्य अकादमी पुणे एवं भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून मे प्रशिक्षण के दौरान ऑर्डर ऑफ मेरिट मे सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने पर वे राष्ट्रपति स्वर्ण पदक से नवाजे गए।
सेना मे विशिष्ट सेवाओं के दौरान जनरल योगेन्द्र डिमरी ने पश्चिमी बॉर्डर असाल्ट इंजीनियर रेजीमेंट,इंजीनियर ब्रिगेड,लाइन ऑफ कंट्रोल पर इन्फेंट्री ब्रिगेड, काउंटर इन्फिल्टरेशन एवं काउंटर इंसर्जेन्सी ऑपरेशन मे काउंटर इंसर्जेन्सी फोर्स के साथ ही रेगिस्तान मे स्ट्राइक कोर का नेतृत्व किया।
जनरल योगेन्द्र डिमरी कंबोडिया के यूएस मिशन मे मिलिट्री ऑब्जर्वर के रूप मे कार्यरत रहे।
परम विशिष्ट सेवा मेडल से नवाजे गए जनरल योगेन्द्र ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से बीएससी व बीटेक की उपाधि हासिल करने के बाद मद्रास विश्वविद्यालय से रक्षा अध्ययन मे स्नातकोत्तर तथा राष्ट्रीय विश्वविद्यालय ढाका-बांग्लादेश से रक्षा एवं युद्ध नीतिज्ञ विषय से पीजी किया। इन्होंने मद्रास विश्वविद्यालय से ही रक्षा अध्ययन मे एमफिल की उपाधि भी हासिल की।
जनरल योगेन्द्र डिमरी की माता श्रीमती दमयंती डिमरी अधिकांश समय अपने मूल निवास रविग्राम जोशीमठ मे ही निवास करती है। इनकी पत्नी निधि डिमरी विभिन्न स्कूलों व आर्मी स्कूल मे पीजीटी रसायन विज्ञान की शिक्षिका रही हैं,व पुत्र मैत्रेय डिमरी अभियंता स्नातक हैं और वर्तमान मे कारपोरेट क्षेत्र मे एक प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं।
उत्तराखंड के बीर सपूत जनरल योगेन्द्र डिमरी को परम विशिष्ट सेवा मेडल से नवाजे जाने पर उत्तराखंड सरकार द्वारा भी उन्हें सम्मान स्वरूप दो लाख रुपये की धनराशि प्रदान की गई है।
0 टिप्पणियाँ