जोशीमठ,19जून।
 जोशीमठ के अस्तित्व के लिए गंभीर समस्या बन चुके हेलंग- मारवाड़ी बाईपास का मामला एक बार फिर तूल पकड़ने लगा है, इस बार  व्यापार संघ जोशीमठ ने आंदोलन की बागडोर स्वयं के हाथ ले ली है, अब 23 जून को एक बार फिर व्यापारी प्रतिष्ठान बंद कर बाईपास निर्माण स्थल हेलंग  पहुंचकर बाईपास निर्माण कार्य रोकेंगे।
 
करीब 36 वर्ष से जोशीमठ के भविष्य के लिए नासूर बना हेलंग मारवाड़ी बाईपास का मामला एक बार फिर तूल पकड़ने लगा है, जोशीमठ के अस्तित्व व धार्मिक आस्था को लेकर लोग इस बार भी लामबंद होने लगे हैं इस बार यह आंदोलन व्यापार संघ के नेतृत्व में लड़ा जाएगा।
 
व्यापार संघ के आह्वान पर बीते 11 जून को ऐतिहासिक बाजार बंद के बाद  बाईपास निर्माण को रोकने की दिशा में कोई ठोस कार्यवाही नहीं होने पर आब 23 जून को एक बार फिर बाजार बंद का ऐलान किया गया है, इस बार बाजार बंदी के साथ ही सभी व्यापारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य स्थानीय लोग बाईपास निर्माण स्थल हेलंग  पहुंचकर बाईपास निर्माण कार्य रोकेंगे।
 सोमवार को नगरपालिका सभागार में व्यापार संघ जोशीमठ के अध्यक्ष नैन सिंह भंडारी की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में 23 जून के आंदोलन व बाजार बंदी की रूपरेखा तय की गई।
 इस बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र पंवार, ब्लाक प्रमुख हरीश परमार, व्यापार संघ के तहसील अध्यक्ष अमित सती, जोशीमठ बचाओ संघर्ष समिति के प्रवक्ता कमल रतूड़ी, कांग्रेस पीसीसी सदस्य हरीश भंडारी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष हरेंद्र राणा,  पूर्व अध्यक्ष श्रीराम डिमरी, व्यापार संघ के महामंत्री जेपी भट्ट, कोषाध्यक्ष कन्हैया लाल साह, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश रंजन विलंगवाल, सुभाष डिमरी, सुरेंद्र दीक्षित, प्रदीप पंवार, महावीर सिंह बिष्ट, धनपाल सिंह राणा, व देवेश कुमार सहित अन्य व्यापारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।