जोशीमठ भू धंसाव:-आंदोलन व धरना-प्रदर्शन के 35 दिन हुए पूरे, नहीं हुआ स्थाई विस्थापन/पुनर्वास व मुआवजे का समाधान।।

जोशीमठ,09फरवरी।
भू धंसाव प्रभावित पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए बुधवार को जोशीमठ बचाओ संघर्ष समिति के आंदोलन व धरने को 35 दिन पूरे हो गए हैं।
भू धंसाव पीड़ितों के स्थाई विस्थापन/पुनर्वास एवं मुआवजे को लेकर अभी तक भी कोई ठोस नीति नहीं बन सकी,प्रभावितों के सब्र का बांध भी टूटता जा रहा है।पिछले 35 दिनों से राहत शिविरों मे गुजर बसर कर रहे पीड़ित अपने भविष्य को लेकर बेहद चिंतन हैं।
प्रभावित परिवारों को उम्मीद थी कि 10 फरवरी को राज्य कैबनेट की प्रस्तावित बैठक मे जोशीमठ को लेकर कोई ठोस फैसला होगा, लेकिन कैबनेट बैठक अब 15 फरवरी को प्रस्तावित है।
तहसील प्रांगण मे लगातार धरना कार्यक्रम जारी है,बड़ी संख्या मे प्रभावित महिलाएं प्रतिदिन धरने मे पहुंचकर अपनी पीड़ा को बयां कर रहे हैं,प्रभावितों का कहना है कि आखिर सरकार स्पष्ट क्यों नहीं कर पा रही है कि पीड़ितों को किस दर पर मुवावजा दिया जाएगा और विस्थापन कब तक व कहाँ होगा?
आपदा प्रभावित मारवाड़ी वार्ड की महिला मंगल दल अध्यक्ष बसंती देवी सती ने अपने संबोधन मे कहा कि आपदा पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए सब को  एकजुटता के साथ संघर्ष मे शामिल होना चाहिए,यह समय दलगत राजनीति से ऊपर उठकर पीड़ितों को आशियाना दिलाने का है।
विस्थापन/पुनर्वास व मुआवजे न्यायोचित मांग के धरने के 35वें दिन संघर्ष समिति के संयोजक अतुल सती, समिति के सचिव/प्रवक्ता कमल रतूड़ी,ब्यापार संघ अध्यक्ष नैन सिंह भण्डारी,प्रदीप भट्ट, संतोष पंवार, प्रकाश नेगी, आदि ने संबोधित किया, संचालन समिति के कोषाध्यक्ष संजय उनियाल ने किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ