एसबीआई ने ऋषि गंगा आपदा प्रभावितों को वितरित की विशेष सहायता सामग्री, चिकित्सा शिविर में हुआ सैकड़ों रोगियों का परीक्षण।

---------------प्रकाश कपरूवान।
जोशीमठ,16 नवंबर।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा ऋषि गंगा आपदा प्रभावित ग्रामों को सामाजिक कार्यो के निर्वहन के लिए विशेष सामग्री वितरण के साथ ही क्षेत्रवासियों के लिए विशाल चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
प्रभावित ग्राम लाता में सामग्री वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक विकास वशिष्ठ ने कहा कि आपदा का दंश झेलने के वावजूद ग्रामीणों ने जिस उत्साह के साथ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया इससे स्पष्ट हो जाता है कि हिमालय के दूर दराज क्षेत्रों में निवासरत ग्रामीण भीषण आपदाओं से लड़ कर उठ खड़े होते हैं,। उन्होंने आपदा प्रभावित ग्रामों के ग्रमीणों के जज्बे को सलाम करते हुए कहा कि स्टेट बैंक हमेशा प्रभावित ग्रामीणों के साथ खड़ा है।
क्षेत्रीय प्रबंधक श्री वशिष्ठ ने सफल आयोजन के लिए स्टेट बैंक जोशीमठ के मुख्य प्रबंधक जी एस रावत का विशेष आभार व्यक्त किया।
अपने संबोधन में एसबीआई जोशीमठ के मुख्य प्रबंधक जीएस रावत ने कहा कि 7 फरवरी को ऋषि गंगा की भीषण आपदा ने लाता- रैणी से लेकर ढाक-कुंडी खोला तक ब्यापक तबाही हुई थी, ऐसी स्थिति में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने अपने दायित्व बोध का परिचय देते हुए प्रभावित ग्रामों व तोकों को सामुदायिक एवं सामाजिक कार्यो के निर्वहन हेतु विशेष सामग्री वितरित की।उन्होंने बताया कि उक्त सामग्री 9प्रभावित ग्राम पंचायतों के 25 तोकों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा कार्य कर रही सेवा इंटरनेशनल संस्था को भी दी गई।
श्री रावत ने कार्यक्रम के सफल आयोजन व ब्यवस्था के लिए ग्राम प्रधान लाता, महिला मंगल दल लाता,सरपंच एवं समस्त ग्रामवासियों का स्टेट बैंक की ओर से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रभावित ग्रामीणों के लिए स्टेट बैंक के सौजन्य से क्षेत्र के बरिष्ठतम चिकित्सक डॉ सुदर्शन सिंह भण्डारी के नेतृत्व में विशाल चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया,जिसमें दंत रोग विशेषज्ञ डॉ विनोद पुंडीर, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ सुमित चौहान, सीएचसी जोशीमठ के चिकित्साधिकारी डॉ गौतम कुमार, डॉ उमेश भण्डारी, एसएस राणा, आदि ने शिविर में पहुंचे करीब तीन सौ1 लोगों का परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया।
चिकित्सा शिविर एवं सामग्री  वितरण कार्यक्रम में स्टेट बैंक हल्द्वानी के मुख्य प्रबंधक ओमवीर गौतम, राहुल सिंह, संजीव कुमार, अंकुर भट्ट, दलीप सिंह, के अलावा लाता की प्रधान सरिता देवी,महिला मंगल दल अध्यक्ष देवकी देवी, सरपंच धर्मेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान धन सिंह राणा,  कांति प्रसाद थपलियाल सहित ढाक, कुंडी खोला, तपोवन, विलागड़, भंग्यूल, सुभाईं,रिंगी, रैणी वल्ली, रैणी पल्ली, व लाता आदि गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
इससे पूर्व मुख्य अतिथि क्षेत्रीय प्रबंधक विकास वशिष्ठ ने  रिबन काट कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।मुख्य अतिथि व आगंतुक अतिथियो को उद्घाटन द्वार से कार्यक्रम स्थल तक परंपरागत पौंणां निर्त्य के साथ कार्यक्रम स्थल तक ले जाया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ