जोशीमठ,18 अक्टूबर।
मौसम विभाग की चेतावनी, शासन की अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह और जिला प्रशासन के स्कूल कॉलेजों में अवकाश के निर्देश, लेकिन सीमान्त ब्लॉक जोशीमठ अंधकार में डूबा रहा,66 केवी विद्युत लाइन टूटने से बद्रीनाथ धाम, जोशीमठ नगर, नीति-माना घाटी, उर्गम व सलूड-डूंगरा घाटियों के दर्जनों गांवों में हाई अलर्ट के बीच अंधेरा पसरा रहा।
मौसम विभाग की चेतावनी कि 17 अक्टूबर की देर सायं से बारिश शुरू होगी लेकिन बारिश शुरू होने से पहले ही सायं साढ़े छह बजे के करीब टंगणि गांव के ऊपर जंगलो के बीच 66केवी के तार टूट गए और पूरा क्षेत्र अंधकार में डूब गया।विभाग के निदेशक विक्रम सिंह द्वारा 2013 की ही तरह खतरनाक बारिश व नदियों के उफान की आशंका ब्यक्त किये जाने के बाद बद्रीनाथ व जोशीमठ पहुंचे तीर्थयात्रियों एवं 2013 की आपदा का दंश झेल चुके लामबगड़, पांडुकेश्वर, गोविंदघाट, पुलना/भ्यूंडार के ग्रामीणों की रात अंधकार में कैसे कटी होगी समझा जा सकता है।
विद्युत विभाग के ई ई कैलाश कुमार से संपर्क करने पर उनका कहना था कि टंगणि गांव के ऊपर जंगल के बीच पेड़ टूटा और 66केवी का कंडक्टर टूट गया, जिसे ठीक करने के लिए आज सुबह ही टीम रवाना कर दी गई है।
0 टिप्पणियाँ