जोशीमठ,05 अक्टूबर।
प्रदेश के सीमान्त जनपदों के सीमावर्ती क्षेत्रों मे उत्तराखंड पुलिस द्वारा बार्डर उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। सीमान्त जनपद चमोली के सीमावर्ती क्षेत्र मलारी में उत्तराखंड पुलिस बार्डर विकास उत्सव का आयोजन आगामी 9 व 10 अक्टूबर को होगा।
मलारी के बुराँस मैदान मे आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय उत्सव के दौरान खेल-कूद प्रतियोगिताओं के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी भब्य आयोजन होगा।
चमोली पुलिस प्रशासन द्वारा इस आयोजन में सम्मिलित होने के लिए स्थानीय जनता, जनप्रतिनिधियों, सेना,आईटीबीपी व अन्य सभी को आमंत्रित किया है।उत्सव के दौरान खेलकूद प्रतियोगिता में बालीबाल, क्रिकेट, सतरंज, कैरम व महिलाओं की रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता आयोजित होगी, साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा।
गौरतलब है कि उत्तराखंड पुलिस विभाग द्वारा प्रदेश के सीमान्त जनपदों पिथौरागढ़, चमोली तथा उत्तरकाशी के सीमावर्ती क्षेत्रों मे उत्तराखंड पुलिस बार्डर विकास उत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत 9व10 अक्टूबर को जोशीमठ विकास खण्ड के सीमावर्ती क्षेत्र मलारी में यह उत्सव आयोजित होगा।
इस दो दिवसीय उत्सव के दौरान स्वास्थ्य विभाग चमोली द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया जाएगा।चमोली के उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ एमएस खाती के अनुसार बार्डर विकास उत्सव में स्वास्थ्य शिविर के आयोजन के लिए कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित कर ली गई है।
0 टिप्पणियाँ