जोशीमठ,06 अक्टूबर।
हेमकुण्ड साहिब-लोकपाल यात्रा को अब महज तीन दिन शेष रह गए हैं, आगामी 10 अक्टूबर को हेमकुण्ड साहिब के कपाट शीतकाल के लिए बन्द कर दिए जायेंगे।चारधाम यात्रा के साथ ही पवित्र हेमकुण्ड साहिब-लोकपाल की यात्रा भी शुरू हुई थी, इस दौरान अब तक 8 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने उच्च हिमालयी धाम हेमकुण्ड साहिब-लोकपाल पहुंचकर पवित्र सरोवर में डुबकी लगाई व दरवार में मत्था टेका।हेमकुण्ड साहिब पहुंचने वाले सभी श्रद्धालुओं ने पवित्र तीर्थ लक्ष्मन मंदिर-लोकपाल के दर्शन भी किये।
हेमकुण्ड साहिब मैंनेजमेंट ट्रस्ट के मुख्य प्रबंधक सरदार सेवा सिंह के अनुसार अत्यधिक ठंड व विपरीत मौसम को देखते हुए ट्रस्ट ने आगामी 10 अक्टूबर को हेमकुण्ड साहिब के कपाट शीतकाल के लिए बन्द करने का फैसला लिया है।उन्होंने बताया कि कपाट बंद किये जाने के अवसर पर ट्रस्ट के प्रधान सरदार जनक सिंह, जनरल सेक्रेटरी सरदार रविन्दर सिंह सहित अनेक श्रद्धालु व सेना की इंजीनियर कंपनी के अधिकारी व जवान मौजूद रहेंगें।
कपाट बंद होने से पूर्व हेमकुण्ड साहिब के मुख्य ग्रंथी भाई मिलाप सिंह व भाई कुलवंत सिंह द्वारा सभी मान्य धार्मिक परंपराओ का निर्वहन किया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ