जोशीमठ,29 सितम्बर।
राज्य मीडिया सलाहकार समिति के पूर्व उपाध्यक्ष अजेंद्र अजय ने मुख्यमंत्री से भेँट कर चारधाम यात्रा के लिए ई-पास की बाध्यता को समाप्त करने व यात्रियों की संख्या बढ़ाने के लिए उचित पैरवी करवाने का आग्रह किया है।
श्री अजेंद्र ने कहा कि सरकार के प्रयासों के बाद हाई कोर्ट ने कुछ शर्तों के साथ चारधाम यात्रा खोलने की अनुमति दी है, लेकिन यह ब्यवहारिक नहीं है।
उन्होंने कहा कि अब चारधाम यात्रा के लिए एक से डेढ़ महीने का समय ही शेष बचा है और देश भर के श्रद्धालु चारधाम के दर्शनों के लिए उत्तराखंड पहुंच रहे हैं, ई-पास की बाध्यता के कारण यात्री धामों के नजदीक पहुंच कर भी भगवान के दर्शनों से वंचित हो रहे हैं।उनका कहना था कि देवभूमि उत्तराखंड पहुंच चुके श्रद्धालु कैसे धामों तक पहुंच सके इस पर विचार किया जाना बेहद आवश्यक है।
मुख्यमंत्री को दिये पत्र मे श्री अजेंद्र ने कहा है कि जो श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए पहुँच रहे हैं उन्हें कई स्थानों पर पुलिस चैकिंग के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, इसके लिए प्रदेश के प्रवेश द्वारों पर एक ही बार सभी औपचारिकता पूर्ण कर संबंधित यात्री वाहनों पर स्टीकर चस्पा किया जाय ताकि उन्है बार बार चैकिंग की समस्या से निजात मिल सके।
गौरतलब है कि चारधाम यात्रा के लिए ई-पास की बाध्यता के कारण कई यात्रियों को विना दर्शन किये ही वापस लौटना पड़ रहा है, हालांकि राज्य सरकार ने कोर्ट द्वारा निर्धारित संख्या के अनुरूप मैन्युवल पास बनाने की ब्यवस्था भी की है, इसके बावजूद भी यात्रियों को धामों तक पहुंचने में अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
0 टिप्पणियाँ