युवा कल्याण विभाग के नाम भूमि दर्ज किए जाने के आदेश।

--------------------प्रकाश कपरूवान।
जोशीमठ,13 सितम्बर।
युवाओं का संघर्ष रंग लाया, खेल मैदान के लिए प्रस्तावित भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम अमलदारामद किए जाने के आदेश तहसील प्रशासन को प्राप्त हो गए हैं।युवा संघर्ष समिति ने भूमि संबंधित विभाग के नाम दर्ज होने तक क्रमिक धरना जारी रखने का निर्णय लिया है।
पैनखंडा जोशीमठ मे स्टेडियम निर्माण की मांग को लेकर पैनखंडा युवा संघर्ष समिति द्वारा बीती 30 अगस्त से आंदोलन व क्रमिक धरना शुरू किया था, जो अब भी जारी है।इस बीच बद्रीनाथ के विधायक महेन्द्र भट्ट के अथक प्रयासों से उक्त प्रस्तावित भूमि जो नागरिक उड्डयन विभाग के नाम दर्ज हुई थी उस भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम दर्ज किए जाने के लिए उड्डयन विभाग से अनापत्ति प्राप्त की गई।
अब प्रस्तावित भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम दर्ज किए जाने के लिए शासन से जिलाधिकारी को निर्देश जारी हुए हैं,ओर जिलाधिकारी ने एसडीएम जोशीमठ को उक्त प्रस्तावित भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम अमलदरामद किये जाने के सपष्ट निर्देश दिए हैं।तहसील प्रशासन को आदेश प्राप्त होने के बाद अब जल्द ही भूमि युवा कल्याण विभाग के नाम दर्ज होगी।
पैनखंडा युवा संघर्ष समिति के अध्यक्ष समीर डिमरी के अनुसार युवाओं के आवहान पर पैनखंडा की जनता के सहयोग से यह सब संभव हो पाया। बद्रीनाथ के विधायक महेन्द्र भट्ट का प्रयास सराहनीय है। श्री डिमरी का कहना है कि अब तहसील प्रशासन शीघ्रातिशीघ्र अमलदरामद की कार्यवाही पूर्ण करें ताकि 30 अगस्त से जारी क्रमिक धरना समाप्त किया जा सके।
इधर पैनखंडा युवा संघर्ष समिति के आवहान पर क्रमिक धरना 15वे दिन भी जारी रहा।15वें दिन शंकराचार्य स्वामी1 स्वरूपानंद सरस्वती महाराज के शिष्य ब्रह्मचारी मुकुंदानंद जी, विष्णु प्रिया नन्द महाराज, जगदीश उनियाल, अभिषेक बहुगुणा, व अमित तिवारी के अलावा बीडीसी मेम्बर दीपक रावत, प्रधान लक्षमन बुटोला सहित पैनखंडा युवा संघर्ष समिति व खेल विकास समिति के पदाधिकारी धरने पर बैठे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ