जय अंबानी ने की सतोपंथ- स्वर्गारोहिणी की यात्रा, एस्किमो एडवेंचर ने किया ट्रैकिंग दल का नेतृत्व।

----------------------- प्रकाश कपरूवान।
जोशीमठ,28 सितम्बर।
प्रसिद्ध उद्योग पति अनिल अंबानी के पुत्र जय अंशुल अनिल अंबानी ने सतोपंथ-स्वर्गारोहिणी ट्रैक पर ट्रैकिंग कर हिमालय की वादियों का दीदार किया।
4 दिवसीय इस ट्रैकिंग अभियान का नेतृत्व ट्रैकिंग के क्षेत्र मे अग्रणी संस्था एस्किमो एडवेंचर जोशीमठ ने किया।
जय अंबानी व तीन अन्य सदस्यों ने देश के अन्तिम गांव माना से ट्रैकिंग शुरू किया और वसुधारा, चक्रतीर्थ व सतोपंथ की ऐतिहासिक एवं धार्मिक मान्यताओं की विस्तृत जानकारी लेते हुए स्वर्गारोहिणी तक पहुंचे।अभियान के दौरान ट्रैकिंग मार्ग में तीन रात्रि प्रवास किया।
ट्रैकिंग अभियान का नेतृत्व करने वाले एस्किमो एडवेंचर के दिनेश उनियाल के अनुसार करीब 46 किमी के इस ट्रैक को पूरा करने में पांच दिनों का समय लगता है, जिसे चार दिनों में ही पूरा किया गया।
श्री उनियाल ने बताया कि जय अंबानी व अन्य सदस्य माना-सतोपंथ के बेहद खूबसूरत ट्रैक का सुखद अनुभव लेकर लौटे हैं, उम्मीद है कि भविष्य मे उत्तराखंड की वादियों मे इस प्रकार के ट्रैकिंग अभियान को बढ़ावा मिलेगा और ट्रैकिंग के क्षेत्र मे युवाओं को स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
इस ट्रैकिंग दल मे जय अंशुल अनिल अंबानी के अलावा कार्ल वाडिया, रिया सांघवी व प्रतीक शामिल थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ