जोशीमठ,19 सितम्बर।
बीते दिनों हुई भारी बारिश के बाद चट्टान टूटने के कारण तपोण गांव की पेयजल लाइन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, इसी पेयजल लाइन से जीआईसी लंगसी को भी पेयजल आपूर्ति की जाती थी।
प्राप्त विवरण के अनुसार जोशीमठ प्रखंड के ग्राम पंचायत द्वीग-तपोण के अंतर्गत कोलगाड नामक तोक मे चट्टान टूटने के कारण तपोण गांव व जीआईसी लंगसी की पेयजल आपूर्ति ठप्प तो हुई ही,भारी भूस्खलन के कारण गांव का भूमियाल देवता मन्दिर एवं पंचायत घर भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
गांव के बग़ल से बहने वाले जाखोला गधेरे ने भी तपोण गांव की ओर भूमि कटाव शुरू कर दिया है, जिसके कारण तपोण गांव के ग्रामीण जान माल की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं। भूस्खलन के कारण लंगसी-गुलाबकोटी मोटर मार्ग तथा लंगसी से तपोण का पैदल मार्ग भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है, पैदल व वाहन मार्ग क्षति ग्रस्त होने से खाद्यान संकट तो है ही ,सबसे ज्यादा समस्या जीआईसी लंगसी में अध्ययन रत छात्र-छात्राओं को हो गई है, जिन्हें विद्यालय आने जाने की समस्या हो रही है।
द्वीग-तपोण के प्रधान भरत सिंह बुटोला,पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मथुरा प्रसाद हटवाल व जगदीश हटवाल आदि ग्रमीणों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने व क्षतिग्रस्त मार्गों को दुरस्त करने की मांग की है।
0 टिप्पणियाँ