राजनैतिक दलों के साथ एसआईआर की समीक्षा, हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची मे जोड़ना प्राथमिकता।

 भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसआईआर की प्रगति, नोटिस वितरण, मतदाता मैपिंग, दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण तथा बूथ स्तर पर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

 बैठक में अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 63,347 नोटिसों के सापेक्ष 63,246 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं। शेष 101 नोटिसों का वितरण भी निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने की कार्रवाई जारी है। वितरित नोटिसों में बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र के 21,900, थराली के 19,935 तथा कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के 21,512 नोटिस शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,72,188 मतदाता हैं, जिनमें से 2,61,060 मतदाताओं की मैपिंग पूर्ण की जा चुकी है। निर्वाचन कार्यों के सुचारु संचालन के लिए जनपद के 633 मतदेय स्थलों पर 14 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं 31 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 633 बूथ लेवल अधिकारियों के सहयोग के लिए 633 अतिरिक्त कार्मिक नामित किए गए हैं, जो दावे-आपत्तियों की सुनवाई, अभिलेखों के परीक्षण एवं अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों में सहयोग करेंगे। बैठक में बताया गया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में 3 से 28 अगस्त, थराली विधानसभा क्षेत्र में 3 से 31 अगस्त तथा कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 3 से 22 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई की जा रही है।

जिलाधिकारी ने निर्वाचन नामावली पुनरीक्षण से जुड़े प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के 633 मतदेय स्थलों के सापेक्ष विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा अब तक 1,184 बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) नियुक्त किए जा चुके हैं। बैठक में निर्वाचन प्रपत्रों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि नए मतदाता पंजीकरण के लिए प्रारूप-6 के सापेक्ष प्रारूप-9, नाम विलोपन के लिए प्रारूप-7 के सापेक्ष प्रारूप-10 तथा नाम, पता अथवा अन्य संशोधन एवं स्थानांतरण के लिए प्रारूप-8 के सापेक्ष प्रारूप-11, 11(क) एवं 11(ख) में संबंधित विवरण उपलब्ध कराया जाता है। प्रारूप-11 नाम एवं पते के संशोधन, प्रारूप-11(क) एक बूथ से दूसरे बूथ तथा प्रारूप-11(ख) एक विधानसभा क्षेत्र से दूसरे विधानसभा क्षेत्र में स्थानांतरण से संबंधित है।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखा जाए। यदि किसी मतदाता तक पहली बार नोटिस नहीं पहुंच पाता है तो पुनः नोटिस जारी करने के साथ आवश्यकतानुसार चस्पा की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए। साथ ही जनप्रतिनिधियों के सहयोग से संबंधित मतदाताओं की जानकारी प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बूथ स्तर पर प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने का आग्रह किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एसआईआर अभियान की दैनिक प्रगति रिपोर्ट राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित रूप से साझा की जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष एवं विश्वासपूर्ण वातावरण में संपादित हो सके। 

बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी धीरेन्द्र सती, भारतीय जनता पार्टी से अनिल किशोर, विनोद कुमार, कांग्रेस से मदन लोहनी, एडवोकेट ज्ञानेंद्र खंतवाल, आम आदमी पार्टी से अनूप रावत सहित ईश्वरी मैखुरी, खीम राम कोठियाल, खिलाप सिंह, मुकेश सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा निर्वाचन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ