सांसद द्वय से वार्ता के बाद औली के संवरने की उम्मीद जगी, लिखित आश्वासन के बाद धरना होगा स्थगित

 औली/ज्योतिर्मठ।

             विश्व विख्यात हिम क्रीड़ा केन्द्र औली की उपेक्षा को लेकर औली से जुड़े स्थानीय युवाओं व ख्याति प्राप्त स्कीइंग खिलाड़ियों ने औली को बचाने की मुहिम शुरू की, और हाड़ काँपने वाली सूखी ठंड मे औली मे ही धरना कार्यक्रम शुरू किया।

                 औली बचाओ मुहिम के तहत धरना  चौथे दिन भी जारी रहा, इस दौरान सरकार के प्रतिनिधि के तौर पर बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, जीएमवीएन निर्माण यूनिट के अधिकारी, जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़  धरना स्थल औली मे उपस्थित रहे।

     बीकेटीसी उपाध्यक्ष श्री सती जी के माध्यम से गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी एवं राज्यसभा सांसद  महेन्द्र भट्ट फोन पर वार्ता हुई। औली बचाओ मुहिम का नेतृत्व कर रहे ख्याति प्राप्त स्कीयर्स विवेक पंवार के अनुसार बातचीत के दौरान सांसद श्री बलूनी  ने फरवरी माह में जोशीमठ आने और औली के विकास की कार्ययोजना पर चर्चा करने की बात कही, साथ ही उन्होंने युवाओं की मांगों को लेकर तत्काल संबंधित अधिकारियों से वार्ता करने का आश्वासन दिया।

 राज्यसभा सांसद श्री भट्ट  ने भी पर्यटन मंत्री एवं पर्यटन सचिव से इस विषय पर बात करने की सहमति जताई।

       श्री विवेक पंवार ने जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ के समक्ष औली से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे और अब तक की खराब व्यवस्था पर जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने गुलमर्ग की तर्ज पर “औली डेवलपमेंट अथॉरिटी” के गठन की मांग रखी, जो औली के स्नो-मेकिंग सिस्टम, आइस स्केटिंग रिंग, यातायात व्यवस्था सहित समग्र विकास की जिम्मेदारी संभाले।

            इसके पश्चात पर्यटन विभाग,जीएमवीएन निर्माण शाखा एवं आंदोलनकारियों द्वारा संयुक्त रूप से आइस स्केटिंग रिंग का निरीक्षण किया गया और इसमें मौजूद कमियों को दूर करने पर सहमति बनी। आज की वार्ता को सभी पक्षों ने सकारात्मक बताया। हालांकि आंदोलनकारियों का स्पष्ट कहना है कि जब तक संबंधित विभागों की जवाबदेही तय नहीं होती और लिखित मेआश्वासन नहीं मिलता तब तक धरना जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ