जोशीमठ भू धसाव आपदा :- ढाई वर्षों के बाद भी धरातल पर कार्य न होने से नाराजगी, नए आंदोलन की चेतावनी।.

ज्योतिर्मठ,12सितंबर।
      भू धसाव प्रभावित जोशीमठ मे आपदा के ढाई वर्ष बाद भी धरातल पर कार्य शुरू नहीं होने से जोशीमठ के भविष्य को लेकर चिंतित विभिन्न संगठन एक बार फिर आंदोलन की सुगबुगाहट करने को विवश होने लगे हैं।
  इसी क्रम मे शुक्रवार को जोशीमठ बचाओ संघर्ष समिति ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर भू धसाव आपदा पीड़ितों की समस्याओं से अवगत कराते हुए यथा शीघ्र पुनर्वास व ट्रीटमेंट कार्य शुरू कराने की मांग की है।
        
            दिए गए ज्ञापन मे आपदा के कारण व्यावसायिक आर्थिक नुकसान की भरपाई करने, प्रभावितों के पुनर्वास के लिए भूमि का चयन करने, व्यावसायिक भवनों, राजीव /प्रधानमंत्री आवास, परंपरागत भवनों टिन शेड, होमस्टे,एवं अन्य लंबित मामलों का निर्धारण कर भुगतान करने, आवासीय निर्माण की समान नीति बनाने, जोशीमठ के स्थरीकरण व सुरक्षा कार्यों को शीघ्र शुरू कराने की मांग की गई है।
      ढाई वर्ष बीतने के बाद भी प्रभावितों का पूर्ण पुनर्वास एवं मुआवजे आदि की कार्यवाही पर कार्य नहीं हुआ और प्रभावित परिवार आज भी पुनर्वास की प्रतीक्षा मे है। यदि शीघ्र सभी विन्दुओं पर कार्यवाही नहीं हुई तो एक नए आंदोलन के लिए विवश होंगें।
    ज्ञापन पर संघर्ष समिति के अध्यक्ष शैलेन्द्र पंवार, संयोजक अतुल सती, प्रवक्ता कमल रतूड़ी, कोषाध्यक्ष संजय उनियाल, कुशला नन्द डिमरी, पुष्कर सिंह भुजवाण, सभासद प्रदीप पंवार, दीपक साह व सौरभ राणा के अलावा दीपक टमटा, करण सिंह, सतीश डिमरी, ऋतिक राणा, हरीश लाल, बसंत लाल आदि के हस्ताक्षर हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ