गोपेश्वर/चमोली,30सितंबर।
गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस से सामग्री और सेवाओं की खरीद को लेकर उत्तराखण्ड शासन के निर्देशों के क्रम शनिवार को राइका गोपेश्वर के सभागार में जनपद चमोली के समस्त सरकारी विभागों, सार्वजनिक उद्यमों, निगमों, स्थानीय निकायों, स्वायत्तशासी संस्थाओं के सम्बन्धित अधिकारियों एवं कार्मिकों के साथ ही जनपद के विभिन्न स्थानीय व्यापारियों एवं विक्रेताओं को विशेषज्ञ जे.राजा द्वारा जेम पोर्टल सम्बन्धी प्रशिक्षण दिया।
इस प्रशिक्षण में विशेषज्ञ जे.राजा ने बताया कि केन्द्र सरकार की भांति उत्तराखण्ड सरकार द्वारा भी जेम पोर्टल के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों एवं स्थानीय निकायों में सामग्री क्रय किये जाने के आदेश निर्गत किए गए है। इस सम्बन्ध में उन्होंने क्रेता एवं विक्रेताओं को पोर्टल पर पंजीकरण करने की प्रक्रिया और नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भविष्य में अधिकतम विक्रेताओं को सरकारी विभागों में सामग्री सम्पूर्ति हेतु अपना पंजीकरण तुरन्त करा लेना चाहिए। इस दौरान उन्होंने विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जेम पोर्टल पर पंजीकरण के साथ ही पोर्टल के माध्यम से बिना कोटेशन के क्रय करने, कोटेशन पर क्रय करने और टेण्डर के द्वारा क्रय करने सम्बन्धी नियमों एवं प्रक्रिया की जानकारी दी।
प्रशिक्षण शिविर में जनपद के विभिन्न विभागों के लगभग 400 अधिकारियों एवं कर्मचारियों साथ-साथ 20 से अधिक स्थानीय विक्रेताओं ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्य कोषाधिकारी मामूर जहां ने भी प्रशिक्षणार्थियों को सम्बोधित किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कोषाधिकारी पंकज श्रीवास्तव, सहायक कोषाधिकारी महिपाल सिंह गडिया, लेखाकार देवेन्द्र गौड, विनोद कुमार भी मौजूद थे।
0 टिप्पणियाँ