बद्रीनाथ राष्ट्रीय राज मार्ग पर खचड़ा नाला-लामबगड़ मे बीआरओ द्वारा मोटर पुल का निर्माण तो किया गया लेकिन पुल से वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर खचड़ा नाले की समस्या के स्थाई निदान के लिए पुल का निर्माण कर लिया गया है, लेकिन पुल से अभी तक वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं हो सकी,वाहनों को अभी खचड़ा नाले से ही जान जोखिम मे डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है। वर्षात के दौरान मलवा आने से यहाँ पर कई बार मार्ग अवरुद्ध हो रहा है।
बीकेटीसी उपाध्यक्ष किशोर पंवार ने तीर्थ यात्रियों को उक्त स्थल पर हो रही दिक़्क़तों से शासन-प्रशासन व बीआरओ को अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि नव निर्मित पुल से वाहनों की आवाजाही 5 मई से शुरू करने का आश्वासन दिया गया था,लेकिन जून का महीना समाप्ति पर है पर पुल से आवाजाही शुरू नहीं हो सकी।
संपर्क करने पर बीआरओ की 75 आरसीसी की कमान अधिकारी मेजर आइना ने बताया कि पुल तैयार है लेकिन दोनों ओर से स्लेप डाले गए है और स्लेप की मजबूती के लिए कम से कम 28 दिनों तक उससे आवागमन नहीं किया जा सकता।
उन्होंने बताया कि बद्रीनाथ की ओर के स्लेप को 28 दिन पूर्ण हो चुके है लेकिन पांडुकेश्वर की ओर के स्लेप से आवाजाही शुरू करने के लिए अभी दस से पंद्रह दिन और इंतजार करना होगा।
मेजर आइना ने कहा कि मानसून को देखते हुए खचड़ा नाला सहित अन्य चिन्हित स्थानों पर मशीनें तैनात की गई है।
इधर श्री बद्रीनाथ धाम से 4 किमी पहले कंचन गंगा मे अपरान्ह के बाद अचानक पानी बढ़ने व तेज बहाव के कारण सड़क का भी कटाव हुआ है, यात्रा वाहनों की आवाजाही शुरू कराने के लिए डोज़र व जेसीबी मशीनें मलवा व बोल्डर हटाने मे जुटी है।
0 टिप्पणियाँ