भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रुद्रप्रयाग जिले के सह प्रभारी रघुवीर सिंह बिष्ट ने सोमवार को जिला मुख्यालय गोपेश्वर में प्रेस को संबोधित कर वर्तमान विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी पर अपने परिवार के भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रघुवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि लगभग एक दशक से जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज रजनी भंडारी पर नंदा देवी राजजात के कार्यों की निविदा प्रक्रिया पर अनियमितता के आरोप लगे परंतु तत्कालीन समय में बद्रीनाथ के विधायक एवं उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री होने के कारण अपने प्रभाव से सारे भ्रष्टाचार के आरोपों को दबा दिया गया और अपने को सही साबित करने का प्रयास करते रहे।
वर्तमान में जिला पंचायत चमोली के उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह रावत द्वारा सदन में एवं सदन के बाहर इस प्रकरण को शासन स्तर पर एवं उच्च न्यायालय के संज्ञान मे ले जाकर भ्रष्टाचारियों को दंडित करने की मांग की। इस पर बद्रीनाथ के विधायक राजेंद्र भंडारी द्वारा अपने पद का बलपूर्वक प्रयोग करते हुए फर्जी हस्ताक्षरों से जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह के खिलाफ ही अविश्वास प्रस्ताव ले आए।
भारतीय जनता पार्टी के समर्थित जिला पंचायत सदस्यों को जब जिलाधिकारी चमोली के समक्ष फर्जी हस्ताक्षर से अविश्वास प्रस्ताव को प्रस्तुत करने की बात संज्ञान में आई तो उन्होंने सोमवार को जिलाधिकारी चमोली को अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप मे देकर स्पष्ट किया कि जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह रावत के खिलाफ दिए गए अविश्वास प्रस्ताव में हमारे द्वारा कोई भी हस्ताक्षर नहीं किए गए और ना ही हम जिला अधिकारी चमोली के समक्ष प्रस्तुत हुए।
जिला पंचायत सदस्य श्रीमती आशा देवी फरस्वान जिला पंचायत सदस्य श्रीमती दीपा राणा एवं जिला पंचायत सदस्य अनूप रोतीयाल द्वारा पूर्व से चल रहे अविश्वास प्रस्ताव का पटाक्षेप जिलाधिकारी चमोली को अपने-अपने पत्रों के माध्यम से भी किया।
श्री बिष्ट ने कहा कि उनकी निष्क्रियता के कारण बद्रीनाथ विधानसभा के विकास कार्यों में विधायक के हस्तक्षेप से सिर्फ बंदरबांट हो रही है जिला योजना हो अथवा विधायक निधि सभी अपने चहेतों को दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ विधानसभा में अपने चहेतों और अपने परिवार के संरक्षण के लिए ही कार्य किये जा रहे है।
पूर्व जिलाध्यक्ष रघुबीर बिष्ट की मौजूदगी मे आयोजित पत्रकार वार्ता एवं जिलाधिकारी से भेंट करने वालों मे जिला पंचायत सदस्य योगेंद्र सेमवाल, जिला पंचायत सदस्य अनूप चंद्र, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती आशा देवी,व जिला पंचायत सदस्य श्रीमती दीपा राणा आदि उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ