जोशीमठ21जनवरी।
सीमान्त धार्मिक एवं पर्यटन नगरी जोशीमठ के अस्तित्व को बचाने, पुनर्वास व विस्थापन की ठोस कार्यवाही किए जाने तथा राहत शिविरों मे ब्यवस्थायें ठीक करने की मांग को लेकर जोशीमठ बचाओ संघर्ष समिति के आव्हान पर चल रहा धरना निरंतर जारी है।
धरना स्थल तहसील प्रांगण मे नगर लोग बड़ी संख्या मे अपने वार्ड के क्रम से पहुंच रहे है। समर्थन के लिए भी प्रतिदिन बड़ी संख्या मे विभिन्न राजनैतिक दलों व संस्थाओं के लोग पहुंच रहे हैं।
शनिवार को भाकपा माले के राज्य सचिव राजा बहुगुणा,नैनीताल जिला सचिव कैलाश पाण्डे,केंद्रीय कार्यालय सचिव गिरजा पाठक, चारु तिवारी व नारायण सिंह रावत आदि ने जोशीमठ की इस त्रासदी पर चिंता ब्यक्त करते हुए इसके लिए जिम्मेदार एनटीपीसी परियोजना को बन्द करने के साथ ही एनटीपीसी पर ही लोगों को बेघर करने व जोशीमठ को बर्बाद करने की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए।
सभी वक्ताओं ने जोशीमठ बचाने के आंदोलन मे आगे भी सहयोग का आश्वासन दिया।
ब्यापार संघ जोशीमठ के अध्यक्ष नैन सिंह भण्डारी के संचालन मे हुई इस सभा को संबोधित करते हुए भाजपा जिला मंत्री लक्ष्मण फरकिया ने कहा कि जोशीमठ मे अप्रत्याशित भू धंसाव की त्रासदी से पूरा जोशीमठ प्रभावित है, राज्य व केंद्र  सरकार के स्तर से सर्वेक्षण का कार्य चल रहा है। जिसमें और तेजी लाने का आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि इस विकट समस्या के त्वरित समाधान के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना है।
सभा को संघर्ष समिति के संयोजक अतुल सती, कोषाध्यक्ष संजय उनियाल, पूर्व पालिका सभासद मुकेश कुमार,महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष देवेश्वरी साह, सीमा सती, गीता परमार  सहित अनेक लोगों ने संबोधित किया ।