भू धंसाव की गंभीर समस्या को लेकर जोशीमठ मे हुआ विशाल प्रदर्शन, मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।।

जोशीमठ,24दिसंबर।
जोशीमठ मे हो रहे भू धंसाव से चिन्तित लोगों ने यहाँ विशाल प्रदर्शन कर सम्पूर्ण जोशीमठ नगर के घर-मकानों का सर्वेक्षण कर बेघर हुए लोगों की आवास ब्यवस्था की मांग की गई। विशाल प्रदर्शन मे बद्रीनाथ के विधायक राजेन्द्र भण्डारी भी शामिल हुए।  समर्थन मे ब्यापार संघ ने ब्यापरिक प्रतिष्ठान बंद रखे।
सीमान्त धार्मिक एवं पर्यटन नगरी जोशीमठ के सभी वार्डों के घरों-मकानों व भूमि पर आ रही दरारों को लेकर नगरवासी हैरान व परेशान हैं, जमीनें फटने व मकानों के दरकने की घटना से कोई भी वार्ड अछूता नहीं है।
भू धंसाव की घटना से परेशान लोगों ने शनिवार को जोशीमठ बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले एक विशाल जुलूस/प्रदर्शन हुआ। ढोल नगाड़ों के साथ जीआईसी चौक से शुरू हुआ  जुलूस पूरे नगर में घूमता हुआ तहसील प्रांगण में पहुंचकर सभा मे तब्दील हुआ।
सभा को जोशीमठ बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष शैलेन्द्र पंवार,संयोजक अतुल सती, बद्रीनाथ के विधायक राजेन्द्र भण्डारी, देवपुजाई समिति के अध्यक्ष भगवती प्रसाद नंबूरी, ब्यापार संघ अध्यक्ष नैन सिंह भण्डारी, ब्लॉक प्रमुख हरीश परमार,कमल रतूड़ी, श्रीराम डिमरी, पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, पालिका सभासद समीर डिमरी, गौरव नंबूरी, पूर्व पालिकाध्यक्ष माधवी सती, पूर्व सभासद ललिता देवी सहित अनेक लोगों ने संबोधित किया।
सभा के उपरांत तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया जिसमें पूर्व में हुए भूगर्भीय अध्ययन का संज्ञान लेते हुए उस पर कार्यवाही करने,घर व मकानों का बीमा एनटीपीसी से कराने,जोशीमठ के स्थायीकरण,विस्थापन व पुनर्वास हेतु एक उच्चाधिकार कमेटी का गठन करने,भू धंसाव के कारण बेघर हुए लोगों को तत्काल  पुनर्वास करने,दरक चुके घरों की क्षतिपूति वर्तमान बाज़ार भाव से किए जाने,वर्तमान विस्थापन व पुनर्वास नीति मे संशोधन करने तथा भू धंसाव से बेघर हुए लोगों की यथाशीघ्र आवास/निवास की ब्यवस्था करने की मांग की गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ