गोपेश्वर-चमोली,26सितंबर।
गांधी जयन्ती की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने क्लेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। जिलाधिकारी ने कहा कि गांधी जंयती पर सभी राजकीय भवनों में ध्वज फहराया जाएगा। इसके साथ ही सभी कार्यालयों, विद्यालयों में प्रातः 8 बजे राष्टपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों का अनावरण व माल्यार्पण किया जाएगा। सभी नगर निकायों, ग्राम पंचायतों तथा विभागों में विशेष स्वच्छता एवं जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सभी विद्यालयों में निबन्ध व वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग, पुलिस तथा राजस्व विभाग द्वारा नशा मुक्ति अभियान चलाया जाएगा। वहीं खेल विभाग द्वारा खो खो, कबडी तथा क्रास कन्ट्री दौड का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नगर निकायों में स्थित गांधी पार्को में साफ सफाई तथा स्कूल, कॉलेजों में गांधी जी के जीवन पर लेखन प्रतियोगिता आयोजित करने के सुझाव दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी अभिषेक त्रिपाठी, संयुक्त मजिस्ट्रेट अभिनव शाह सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ