ज्योतिर्मठ के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री से भेंट कर उनका आभार ब्यक्त किया।

 देहरादून /ज्योतिर्मठ,29दिसम्बर।
जोशीमठ का नाम ज्योतिर्मठ रखे जाने पर ज्योतिर्मठ  के प्रतिनिधिमंडल ने ब्रह्मचारी मुकुंदानन्द के नेतृत्व में मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलकर उनका आभार व्यक्त किया । 
 इस अवसर पर ज्योतिष एवं  द्वारका शारदापीठ शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का धन्यवाद ज्ञापित कर उन्हें आशीर्वाद दिया । ज्योतिष पीठ की ओर से एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार  देर सायं को  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके आवास में मिलकर उनका अभिनंदन किया ।  ज्योतिर्मठ की ओर से शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती के शिष्य प्रतिनिधि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की ओर से अभिनंदन पत्र मुख्यमंत्री को दिया गया,  जिसमें जोशीमठ नगर का नाम पौराणिक ज्योतिर्मठ रखे जाने पर प्रसन्नता व्यक्त कर मुख्यमंत्री की दीर्घायु की मंगल कामना की गई । इस अवसर पर प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री से  जौलीग्रांट स्थित एयरपोर्ट का नाम आदि गुरु शंकराचार्य के नाम पर रखे जाने का आग्रह किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र का विषय है , वे लोगों की भावना से केंद्र सरकार को अवगत कराएंगे । प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री को ज्योतिर्मठ आगमन का भी आमंत्रण दिया । 
गौरतलब है कि वर्ष 2016 में ज्योतिर्मठ में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती महाराज ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सम्मुख जोशीमठ का पौराणिक नाम ज्योतिर्मठ किये जाने की इच्छा ब्यक्त की थी, जिसके क्रम में जोशीमठ नगर पालिका की तत्कालीन अध्यक्षा रोहणी रावत ने नगर पालिका बोर्ड से इस आशय का प्रस्ताव पारित कराया और पूर्व प्रमुख प्रकाश रावत ने 2019 में इस प्रस्ताव को जिला पंचायत चमोली से पारित कराया।
सदनों से पारित प्रस्तावों की प्रतियां बीती 19 दिसम्बर को विधायक बद्रीनाथ महेंद्र भट्ट को भेजते हुए उनसे यथाशीघ्र कार्यवाही की अपेक्षा की गई थी।
प्रतिनिधिमंडल में ब्रह्मचारी मुकुंदानंद, ब्रह्मचारी श्रवणानंद,डा बृजेश सती,डॉ रमेश पांडे,  बद्रीनाथ मंदिर के पूर्व धर्माधिकारी जगदंबा प्रसाद सती ,  भारत नौटियाल, अभिषेक बहुगुणा, प्रवीण नौटियाल, सचिन गौतम,शिवानंद उनियाल, आदि उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ