जोशीमठ में हो रहे भू धंसाव से प्रभावित क्षेत्रोंका सर्वेक्षण व पुनर्वास की मांग को लेकर हुआ प्रदर्शन, सी एम को भेजा ज्ञापन।

-------------- प्रकाश कपरूवान।
जोशीमठ,28 दिसम्बर।
जोशीमठ नगर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी लगातार भू धंसाव के कारण आम जनमानस बेहद चिंतित हैं, जोशीमठ नगर के गांधी नगर वार्ड की कुछ बस्तियां तो भू धंसाव के कारण जमींदोज होने के कगार पर है।घरों में बड़ी बड़ी दरारें पड़ चुकी हैं और घर रहने लायक भी नहीं रह गए हैं।
यही स्थिति जोशीमठ नगर के सेमा, मारवाड़ी, सुनील, रविग्राम, परसारी, के साथ विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का भी है।जोशीमठ-नरसिंह मंदिर-बद्रीनाथ मोटर मार्ग सिंहधार से जीरो बैण्ड तक कई स्थानों पर धंस चुका है, यही नहीं जोशीमठ ब्लॉक का एक मात्र स्वास्थ्य केन्द्र के भवनों में भी भू धंसाव के कारण दरारें पड़ चुकी हैं जो किसी बड़े खतरे को न्यौता दे रही है।
जोशीमठ में भू धंसाव के खतरे को लेकर सोमवार को नगर में जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया गया।भू सर्वेक्षण, पुनर्वास व मुआवजा देने की मांग करते हुए एसडीएम के माध्यम से सी एम को ज्ञापन भेजा गया।
ज्ञापन देने वालों में कामरेड अतुल सती, नगर पालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र पंवार, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य कमल रतूड़ी,ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरीश भण्डारी, ब्यापार संघ के महामंत्री जय प्रकाश भट्ट, सभासद प्रदीप भट्ट, पूर्व सभासद लक्ष्मी लाल, के अलावा प्रभावित सतेंद्र नखोलिया, अजय नारायण, अरविंद कुमार, मखन्न लाल, बुद्धि लाल, भवानी लाल, महेन्द्रदयाल, बसन्ती देवी, राजेश्वरी देवी, लीला व उर्मिला देवी सहित अनेक लोग शामिल थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ