जोशीमठ,21दिसम्बर।
सीमान्त ब्लॉक जोशीमठ के वन पंचायत सरपंचों ने मानदेय दिए जाने व वन पंचायतों के अधिकार बहाल किये जाने की मांग को लेकर सोमवार को जोशीमठ में जोरदार प्रदर्शन किया, मुख्य चौराहे पर वन मंत्री के पुतले का दहन किया गया।
वन पंचायत सरपंच लंबे समय से अपनी जायज मांगो को लेकर आंदोलनरत हैं, तहसील मुख्यालय पर नियमित धरना दे रहे हैं, इसके अलावा बीती18 तारीख को जिलेभर के सरपंच जिला मुख्यालय गोपेश्वर में भी विशाल प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन सरपंचों की मांगों पर शासन स्तर पर अनदेखी की जा रही है।
शासन की लगातार उपेक्षा से गुस्साए सरपंचो ने यहाँ जुलूस-प्रदर्शन व पुतला दहन के बाद एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा, जिसमें सरपंचो को मानदेय दिये जाने, सरपंचो के अधिकारों को बहाल किये जाने,वनों की रक्षा करने वाले सरपंचों को सुरक्षा की गारण्टी दिए जाने, वन विभाग द्वारा ठेकेदारों के माध्यम से कराए जा रहे कार्यों को तुरन्त बंद किये जाने,2017से आज तक हुए कार्यों का भौतिक सत्यापन कराने,खनन की रायल्टी वन पंचायत में जमा कराने, व वन पंचायतों का चुनाव पूरे प्रदेश में एक साथ गुप्त मतदान से कराए जाने सहित 11 सूत्रीय मांगों पर तत्काल कार्यवाही की मांग की गई है।
जुलूस प्रदर्शन व ज्ञापन देने वालों में कामरेड अतुल सती के अलावा सरपंच संग्राम सिंह, गोपाल सिंह नेगी, धर्मेंद्र लाल, राकेश राणा, रघुवीर रावत, गबर सिंह, रणजीत सिंह, गुमान सिंह, हरीश कैरणी, भालचंद्र चमोला, व सुरेन्द्र सिंह सहित पैनखंडा जोशीमठ के सभी सरपंच मौजूद थे।आम आदमी पार्टी के नेता एडवोकेट भवान सिंह चौहान ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर सरपंचों के आंदोलन का समर्थन किया।
0 टिप्पणियाँ