सरपंच संगठन का आंदोलन जारी,18 दिसम्बर को डी एम कार्यालय पर करेंगें प्रदर्शन।

----------------------प्रकाश कपरूवान।
 जोशीमठ,16 दिसम्बर।
वन विभाग में फैले भ्रष्टाचार व सरपंचों को मानदेय दिए जाने की मांग को लेकर सरपंच संगठन का आंदोलन लगातार जारी है, अब 18 दिसम्बर को जिलाधिकारी कार्यालय पर जिलेभर के वन पंचायत सरपंच प्रदर्शन करेंगें।
सीमान्त विकास खण्ड जोशीमठ के सरपंच संगठन ने नंदादेवी राष्ट्रीय पार्क वन प्रभाग के अधीन किये जा रहे कार्यो में धांधली की उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर किया जा रहा धरना ग्यारहवें दिन में प्रवेश कर गया।
सरपंचों की मांग है कि नंदादेवी राष्ट्रीय पार्क द्वारा कराए जा रहे कार्यों का भौतिक सत्यापन किए जाने, सरपंचो को मानदेय दिए जाने, सरपंचो के वनाधिकार बहाल किये जाने, ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहे विकास/निर्माण कार्यों पर ली जाने वाली रॉयल्टी को वन पंचायत के खाते में डाले जाने के साथ यह मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है कि कार्यालय एवं फील्ड स्टाफ के जिन कार्मिकों को तीन वर्ष से अधिक हो गए हैं उनका स्थानांतरण एवं उनकी संपत्ति की जांच की जानी चाहिए।
अपनी इन मांगों को लेकर सरपंच संगठन प्रतिदिन जुलूस/प्रदर्शन के साथ तहसील परिसर में पहुंचकर क्रमिक धरना दे रहे हैं।
धरना/प्रदर्शन करने वालों में सरपंच संग्राम सिंह, धर्मेंद्र लाल, राकेश राणा, रघुवीर रावत, गबर सिंह, रणजीत सिंह, गुमान सिंह, भाल चंद्र चमोला, हरीश कैरणी, प्रकाश, व सुरेन्द्र सिंह आदि प्रमुख हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ