जोशीमठ को जाम से निजात दिलाने के लिए नया ट्रैफिक रूट प्लान 30 अक्टूबर से लागू होगा।

---------------------प्रकाश कपरूवान।
जोशीमठ,29 अक्टूबर।
जोशीमठ नगर मे ट्रैफिक जाम से परेशान ब्यापारियों, तीर्थ यात्रियों व आम जनमानस को राहत दिए जाने के लिए जोशीमठ की एसडीएम कुमकुम जोशी ने नए ट्रैफिक प्लान के अनुसार वाहनों का संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
नए ट्रैफिक प्लान के अनुसार 30 अक्टूबर से 21 नवम्बर तक सभी प्रकार के भारी वाहन जिनमें ट्रक, बस, डंपर, टेम्पोट्रेवलर, व मशीनें आदि सेना टीसीपी तिराहे से औली मार्ग होते हुए गैस गोदाम सड़क से मलारी हाई वे पहुंचकर रविग्राम से मारवाड़ी की ओर जायेंगे।इसी प्रकार औली से आने वाले सभी छोटे बड़े वाहन गैस गोदाम सड़क से रविग्राम होते हुए बाजार में प्रवेश कर सकेंगें।
एसडीएम जोशी के अनुसार उक्त वन वे ट्रैफिक रूट प्रातः8 बजे से सायं 8 बजे तक प्रभावी रहेगा, पुलिस व सेना पुलिस को आपसी समन्वय से नए ट्रैफिक रूट के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि जोशीमठ नगर में सिंहधार--नरसिंह मंदिर मोटर मार्ग भू धंसाव के कारण क्षतिग्रस्त होने से बन्द है, जिसके चलते मुख्य बाजार से ही सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन हो रहा है, और घण्टों जाम लगने के कारण तीर्थ यात्रियों, ब्यापारियों, व आम जनता के साथ ही स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, अब बद्रीनाथ यात्राकाल तक नया ट्रैफ़िक रूट लागू होने से ट्रैफ़िक जाम की समस्या से निजात मिल सकेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ