बद्रीनाथ/जोशीमठ,21 सितम्बर।
बद्रीनाथ धाम मे सफाई व्यवस्था, पथ प्रकाश, आस-पास के धार्मिक स्थलों तक पहुंचने के मार्गो का निर्माण व अन्य यात्री सुविधाओं को विकसित करने तथा पर्यावरण संरक्षण कार्यों को किये जाने के उद्देश्य से नगर पंचायत बद्रीनाथ ने ईको पर्यटक शुल्क लेना शुरू कर दिया है।
शुल्क के रूप मे छोटे वाहनों से 40रुपया प्रति वाहन, बसों से 100रु0,टेम्पो ट्रेवल्स से 70रु,व दुपहिया वाहनों से 10रु,प्रति वाहन ईको शुल्क लिया जाएगा।
नगर पंचायत बद्रीनाथ के ईओ सुनील पुरोहित के अनुसार नगर पंचायत बद्रीनाथ ने अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की तर्ज पर ईको पर्यटक शुल्क लेना शुरू कर दिया है,इस शुल्क से धाम में यात्री सुविधाओं व पर्यावरण संरक्षण से सम्बंधित कार्यों को तो किया ही जाएगा साथ ही बद्रीनाथ धाम से लगे अन्य धार्मिक महत्व के स्थलों को भी विकसित किया जाएगा।
ईओ श्री पुरोहित ने बताया कि नगर पंचायत द्वारा अब तक धाम मे कई स्थानों पर बैंच लगाए गए हैं, इसके अलावा श्री बद्रीनाथ से चरण पादुका तक के लिए 3किमी मार्ग को विकसित किया जा रहा है।इसके साथ ही ऋषिगंगा झरने के पास ब्यू पॉइन्ट का निर्माण प्रस्तावित है।
ईओ नपं के अनुसार बद्रीनाथ धाम में कूड़ा प्रबंधन के लिए पर्यटन विभाग के सौजन्य से डेढ़ करोड़ लागत की सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट मशीन एवं 35 लाख की लागत से पायस वेस्ट मैनेजमेंट मशीन स्थापित की गई है, जिसका संचालन नगर पंचायत बद्रीनाथ द्वारा ही किया जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व नगर पंचायत बद्रीनाथ द्वारा तीर्थ यात्री कर के रूप बद्रीनाथ पहुंचने वाले तीर्थ यात्री से 2 रुपया प्रति यात्री शुल्क लिया जाता था, अब ईको पर्यटक शुल्क के रूप मे वाहनों से लिया जाएगा
0 टिप्पणियाँ