अभिनव विद्यालयों का विलय रोकने को होगा आंदोलन।

--------------प्रकाश कपरूवान।
जोशीमठ,26 सितम्बर।
राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने व इन विद्यालयों को बंद होने से बचाने के उद्देश्य से सीमान्त ब्लॉक जोशीमठ मे भी वर्ष 2015 मे राजीव गांधी अभिनव आवासीय विद्यालय खोला गया था, इस विद्यालय में राजकीय प्राथमिक विद्यालयों से कक्षा 5वीं उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को ही प्रवेश दिए जाने की बाध्यता है।
जोशीमठ मे संचालित इस विद्यालय को अब अटल उत्कृष्ट आदर्श विद्यालयों से सम्बद्ध किये जाने का फरमान जारी हुआ है। जोशीमठ ब्लॉक में उर्गम व तपोवन इण्टर कालेजों को अटल उत्कृष्ठ आदर्श विद्यालय बनाया गया है, और दोनों विद्यालयों में छात्रावास की ब्यवस्था नहीं है,जबकि अभिनव विद्यालय मे अध्ययन करने वाले सभी छात्रों को निशुल्क भोजन, आवास, पठन पाठन सामग्री व स्कूल ड्रैस दिए जाने का प्रावधान है।
ब्लॉक व तहसील मुख्यालय जोशीमठ में स्थापित इस विद्यालय में दूरस्थ गांवो के बच्चे अध्ययन करते थे, लेकिन ताजे संबद्ध के आदेश के बाद अटल उत्कृष्ठ विद्यालयों में अभिनव विद्यालय की तर्ज पर क्या छात्रों को सभी निशुल्क सुविधा मिल सकेगी?
इन समस्याओं को देखते हुए जोशीमठ में अभिनव विद्यालय अभिभावक संघ की आवश्यक बैठक हुई, जिसमें अपने पाल्यों के भविष्य को लेकर चिन्ता ब्यक्त करते हुए विलय का पुरजोर विरोध करने का निर्णय लिया गया।
अभिभावक संघ के अध्यक्ष बख्तावर सिंह रावत के अनुसार 30 सितम्बर को प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया जाएगा, उसी दिन बृहद आन्दोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ