जोशीमठ,17 सितम्बर।
सीमान्त नगर जोशीमठ में भालू के हमले में बुरी तरह घायल हुई महिला को हायर सेन्टर रैफर किया गया।शुक्रवार को जोशीमठ नगर के ज्योतिर्मठ एरिया मे घास काटने गई महिला ज्योति देवी को घायल कर दिया था, जिसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुँचाया गया, भालू ने महिला के सिर को नोच डाला।
चिकित्सा टीम ने प्राथमिक उपचार करते हुए घायल महिला के सिर पर 50 टांके लगाए।महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रैफर कर दिया गया।
भालू के हमले की घटना के तुरन्त बाद वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का सर्वे कर सीएचसी पहुंचकर घायल का हाल चाल जाना। रेंज ऑफिसर चेतना काण्डपाल ने त्वरित सहायता के रूप मे 20 हजार रुपए की नगद राशि घायल के परिजन को दी।
भालू के लगातार हो रहे हमलों को देखते हुए वन विभाग ने भालूओं को ट्रेंक्लाइज करने की संस्तुति मुख्य वन्य जीव प्रतिपालक से प्राप्त करते हुए दो विशेषज्ञ चिकित्सकों को मय टीम के साथ मौके पर बुलाया,और पिछले दो दिनों से पूरी टीम संभावित स्थलों पर रैकी करते हुए ट्रेंक्लाइजेशन का प्रयास कर रहे हैं, जिसमे अभी तक सफलता नहीं मिल सकी।
नन्दा देवी राष्ट्रीय पार्क के डीएफओ एन बी शर्मा के अनुसार पिछले दो दिनों से दिन-रात गश्त करते हुए भालूओं को ट्रेंक्लाइजेशन करने के प्रयास हो रहे हैं, विभाग के दो चिकित्सकों के साथ एक स्थानीय पशु चिकित्सक भी हैं।
0 टिप्पणियाँ